शिवहर , अक्टूबर 29 -- ाष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली के निर्देश तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत श्री नवाब हाई स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय "मेरा बचपन, मेरा अधिकार" था। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार संजय अग्रवाल के नेतृत्व एवं सचिव ललन कुमार राजक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय अग्रवाल उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी महेश शुक्ला, पॉक्सो अधिनियम से संबंधित अनन्य विशेष न्यायालय के विशेष न्यायाधीश दीपांजन मिश्रा, सचिव ललन कुमार राजक और जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव मंचासीन रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक,शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, विकास और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है।उन्होंने कहा कि बच्चों को भयमुक्त, सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि विद्यालय, प्रशासन और पूरे समाज का दायित्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर खुलकर अपनी बात रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित