चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में गिरते भूजल स्तर को रोकने और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 'मेरा पानी मेरी विरासत' योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके तहत धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले पात्र किसानों को 8,000 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
मंत्री ने बताया कि खरीफ 2026 सीजन में दलहन, तिलहन और कपास की खेती करने वाले किसानों को 2,000 रुपये प्रति एकड़ अतिरिक्त बोनस भी मिलेगा। इस प्रकार पात्र किसानों को कुल 10,000 रुपये प्रति एकड़ तक की सहायता दी जाएगी। राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से एक किस्त में भेजी जाएगी।
उन्होंने कहा कि लगातार धान जैसी अधिक पानी की खपत वाली फसलों की खेती से भूजल स्तर पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में कम पानी वाली वैकल्पिक फसलों को अपनाना कृषि की दीर्घकालिक स्थिरता के लिए जरूरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित