नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- दिल्ली विश्वविद्यालय में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की ओर से चलाये जा रहे 'मेरा कैंपस, मेरा घोषणापत्र' अभियान के तहत एक सप्ताह में छात्रों से लगभग 6,000 सुझाव प्राप्त हुए हैं।

एनएसयूआई मुताबिक अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं को सीधे समझकर छात्र-केंद्रित घोषणापत्र तैयार करना है। अभियान के तहत एनएसयूआई की विभिन्न कॉलेज इकाइयों की टीमें छात्रों से संपर्क कर रही हैं। छात्र अपनी समस्याओं और कॉलेज व विश्वविद्यालय में अपेक्षित बदलावों से जुड़े सुझाव सुझाव पेटियों के माध्यम से दे रहे हैं।

एनएसयूआई मीडिया प्रभारी रवि पांडेय ने कहा कि एक सप्ताह में करीब 6,000 सुझाव मिलना दर्शाता है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र अपनी आवाज मजबूती से सामने रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सुझाव का विश्लेषण कर छात्रों की वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने इसे "छात्रों के लिए नहीं, बल्कि छात्रों द्वारा तैयार किया जाने वाला घोषणापत्र" बताया।

उन्होंने कहा कि अभियान आने वाले दिनों में भी विभिन्न परिसरों में जारी रहेगा और अधिक से अधिक छात्रों को इससे जोड़ा जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित