भरतपुर , अगस्त 22 -- राजस्थान में डीग जिले के अवार गांव से डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गये27 युवकों के दल में शामिल कांवड़िए उत्तर प्रदेश के मेरठ-हरिद्वार राजमार्ग पर शनिवार को हादसे का शिकार हो गये।

उत्तरप्रदेश पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में दो कांवड़ियों अवार गांव निवासी 17 वर्षीय यशपाल और 45 वर्षीय राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 15 अन्य कावड़िये गंभीर रूप से घायल हो गये।

पुलिस ने बताया कि हादसे का शिकार ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कांवड़ियों का यह दल गंगाजल लेकर अपने गांव के चतुर्भुज मंदिर लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग -334 पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। शुरुआती जांच के मुताबिक हादसा ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ।

सभी घायलों काे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक घायल रविंद्र की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली भेजा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित