लखनऊ , मार्च 10 -- मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्या बताते हुए ज्ञापन सौंपा।

मंगलवार को विधायक अतुल प्रधान के नेतृत्व में सेंट्रल मार्केट से जुड़े व्यापारियों सपा प्रमुख से पार्टी कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण में हजारों व्यापारी, मजदूर और उनसे जुड़े परिवार पिछले कई दिनों से अपनी रोजी-रोटी और वर्षों की मेहनत से खड़ी की गई आजीविका को बचाने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यह सिर्फ दुकानों का मामला नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा संवेदनशील विषय है।

व्यापारियों ने प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि पुलिस लगातार टकराव का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, देर रात करीब दो बजे लगभग ढाई सौ पुलिसकर्मी धरना स्थल पर पहुंचे, जबकि उस समय वहां लगभग 20 लोग ही मौजूद थे। इसके बावजूद पुलिस ने टेंट उखाड़ने, धरना खत्म कराने और लोगों को डराने-धमकाने जैसी कार्रवाई की। साथ ही समाजवादी पार्टी के झंडे लगाने पर कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई।

अखिलेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो मास्टर प्लान में बदलाव कर इस समस्या का समाधान निकाल सकती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पुलिस की कार्रवाई रोकी जाए और व्यापारियों के साथ सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाते हुए ऐसा रास्ता निकाला जाए जिससे उनकी दुकानें और कारोबार सुरक्षित रह सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित