गौतमबुद्धनगर , सितंबर 28 -- मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनाव से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
आज बैठक में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया गया कि चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर को होगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर रहेगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम शाम बजे तक निर्धारित किया गया है। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया को 31 अक्टूबर से पहले पूरा करा लिया जाएगा।
जिलाधिकारी रूपम ने सभी प्रभारी और सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करते हुए कमियों को समय रहते दूर करने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में मतदान कार्मिकों की नियुक्ति और प्रशिक्षण, मतदाता सूची, मतदेय स्थलों की व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता का अनुपालन, कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा परिवहन से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही लेखन सामग्री, निर्वाचन सामग्री और मतपत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने प्रेक्षक व्यवस्था, वीडियोग्राफी एवं वेबकास्टिंग, रूट चार्ट, कम्युनिकेशन प्लान और डीईएमपी से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक व्यवस्था को समय से पूरा कराते हुए उसकी अद्यतन स्थिति उपलब्ध कराई जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। मतदान कार्मिकों के भोजन, यात्रा भत्ता, टेंट एवं फर्नीचर, गोदरेज टाइप बैलेट बॉक्स, कंट्रोल रूम की स्थापना एवं संचालन तथा चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें। निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। परिवहन व्यवस्था और रूट चार्ट इस प्रकार तैयार करने के निर्देश दिए गए कि मतदान कार्मिकों और निर्वाचन सामग्री का आवागमन निर्धारित समय पर सुचारु रूप से हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित