सोनीपत , जून 15 -- हरियाणा में सोनीपत नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने शहर की सीवरेज व्यवस्था के संचालन और रखरखाव से जुड़े ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में स्पष्ट सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय में सुधार नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीवरेज संबंधी समस्याओं की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में मेयर ने मयूर विहार, शास्त्री कॉलोनी, ब्रह्म नगर, कीर्ति नगर और दहिया कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में लगातार सीवर जाम की शिकायतों पर गंभीर नाराजगी जतायी। उन्होंने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से बनी हुई यह स्थिति घोर लापरवाही को दर्शाती है और इसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। बैठक में नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार और कार्यकारी अभियंता राहुल पूनिया ने भी सीवरेज व्यवस्था के संचालन पर असंतोष व्यक्त किया। ठेकेदारों ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि मुख्य सीवर लाइनों की रात के समय नियमित सफाई करवाई जाएगी तथा दिन के समय प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
बताया गया कि सीवरेज रखरखाव में लापरवाही को लेकर मेसर्स केतन एंटरप्राइजेज को पहले ही कारण बताओ नोटिस जारी किया जा चुका है।
मेयर ने अधिकारियों को मुख्य सीवर लाइनों, पंपिंग स्टेशनों और सीवरेज निपटान प्रणालियों की व्यक्तिगत निगरानी करने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित