खरगोन , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में खरगोन जिले के मेनगांव थाना क्षेत्र में एक मल्टी स्टोरी नगर पालिका आवासीय भवन की पार्किंग में आग लगने से छह दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार सोमवार तड़के करीब दो बजे ब्लॉक क्रमांक 12 के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई, जो कुछ ही देर में फैल गई। रहवासियों ने तेज धमाकों की आवाज और धुएं के गुबार के बीच सुरक्षित बाहर निकलने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता अंशु शर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने गौतम, विशाल, सिद्दू और अक्षय नामक चार युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय चारों आरोपियों को मौके से भागते हुए देखा गया।
सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक छह दोपहिया वाहन पूरी तरह जल चुके थे। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर आगजनी को आपसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित