रूद्रपुर , मार्च 03 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में एक मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का गोरख धंधा चल रहा था। पुलिस और औपधि महकमे की संयुक्त कार्यवाही में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गयी हैं। मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से ड्रग महकमा और पुलिस की ओर से ऊधम सिंह नगर जिले में प्रतिबंधित दवाइयों के खिलाफ अभियान चला रखा है। इसी अभियान के तहत पुलिस को जानकारी मिली कि गदरपुर में कुमार मेडिकल हाॅल नामक मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाइयों का कारोबार हो रहा है।

गदर पुर पुलिस प्रभारी संजय पाठक, औषधि नियंत्रक निधि शर्मा और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के उप निरीक्षक विपिन जोशी के नेतृत्व में संयुक्त कार्यवाही कर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया। टीम ने स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। इनमें 9416 कैप्सूल, 1300 टेबलेट और 51 बोतल प्रतिबंधित कोडिन कफ सीरप शामिल है।

स्टोर मालिक राजकुमार निवासी वार्ड नम्बर-01, मेन बाजार गदरपुर, जिला ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ गदरपुर थाना में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित