भिण्ड , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के दबोह नगर में मेडिकल संचालक रविन्द्र सिंह चावला के यूको बैंक के दो खातों से तीन दिन के भीतर 14 लाख 63 हजार 70 रुपये 80 पैसे की धोखाधड़ी से निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दबोह के वार्ड क्रमांक आठ निवासी चावला ने पुलिस को बताया कि उनके एक बैंक खाते से तीन से पांच अक्टूबर के बीच 12 लाख 47 रुपये 20 पैसे और दूसरे खाते से छह अक्टूबर को दो लाख 63 हजार 23 रुपये 60 पैसे निकाल लिए गए। खातों से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर साइबर पोर्टल से ई-जीरो एफआईआर दबोह थाने पहुंची। पुलिस ने पीड़ित को थाने बुलाकर पूछताछ की और बयान दर्ज करने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।
पुलिस जांच कर रही है कि खातों से इतनी बड़ी रकम किस तरीके से निकाली गई। मामले में पीड़ित के किसी नजदीकी की संभावित भूमिका की आशंका भी जताई गई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित