जशपुर , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर स्थित राजा देवशरण जिला अस्पताल के एक डॉक्टर पर मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने के बदले 500 रुपए लेने का आरोप लगा है। मामले से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज होने के बाद कलेक्टर रोहित व्यास ने निष्पक्ष जांच के लिए टीम गठित की है,जिसकी जानकारी आज जिला प्रशासन ने दी।

गौरतलब है कि, सन्ना थाना क्षेत्र के कवई गांव निवासी मुक्तेश्वर राम ने शपथ पत्र देकर इस मामले की शिकायत की है। शिकायत के अनुसार वह 4 जुलाई 2026 को अपने दोस्त सहिन्द्र राम की बेटी करिश्मा का मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए राजा देवशरण जिला अस्पताल पहुंचे थे।

करिश्मा को आरा चौकी क्षेत्र के झपरा में बने पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में प्रवेश लेना था और इसके लिए मेडिकल प्रमाण पत्र जरूरी था। मुक्तेश्वर राम का आरोप है कि अस्पताल में उनकी मुलाकात डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल से हुई। मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने की बात कहने पर डॉक्टर ने कथित तौर पर इसके बदले 1 हजार रुपए की मांग की।

शिकायतकर्ता के मुताबिक उनके पास इतनी राशि नहीं थी, इसलिए उन्होंने डॉक्टर से कम पैसे लेने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसके बाद डॉक्टर 500 रुपए में मेडिकल प्रमाण पत्र बनाने के लिए तैयार हो गए। मुक्तेश्वर राम ने दावा किया है कि डॉक्टर को 500 रुपए देते समय उन्होंने मोबाइल फोन से इसका वीडियो भी बना लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें डॉक्टर कथित तौर पर पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं।

इसके बाद मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से की गई। शिकायत स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आने पर इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी गई। सीएमएचओ डॉ. जीएस जात्रा ने कहा कि डॉ. धीरेन्द्र अग्रवाल से जुड़ी शिकायत सीएम हेल्पलाइन के जरिए मिली है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर रोहित व्यास ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच टीम गठित की है। जांच प्रक्रिया के तहत पहले शिकायत और उससे संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद शिकायतकर्ता तथा मामले से जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर आवश्यक गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही वायरल वीडियो, संबंधित दस्तावेजों और उपलब्ध अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित