हमीरपुर , अगस्त 30 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक तकनीक और 500 करोड़ रुपये के उपकरण लगाकर स्वास्थ्य और जांच सेवाओं को विश्वस्तरीय बना रही है।

नादौन विधानसभा क्षेत्र के कांगू में एक जन स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन के दौरान उन्होंने 650 डॉक्टरों की जल्द भर्ती और जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण की घोषणा की है।

इन मेडिकल कॉलेजों में लगभग 500 करोड़ रुपये के आधुनिक उपकरण लगाये जा रहे हैं। इस तरह की उन्नत मशीनें वर्तमान में केवल दिल्ली के एम्स में ही उपलब्ध हैं। इस तरह की सुविधाएं अभी एम्स बिलासपुर या लुधियाना और जालंधर जैसे शहरों में भी उपलब्ध नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक तकनीक और उपकरणों की स्थापना से जांच सेवाएं मजबूत और अधिक सटीक होंगी, जिससे लोगों को बिना किसी देरी के सही इलाज मिल सकेगा। मेडिकल कॉलेजों के अलावा राज्य सरकार सभी 70 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति कर रही है, ताकि लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि सरकार 300 मेडिकल अफसरों, 200 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 150 सुपर-स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। इस पहल के तहत नादौन, कांगू, गलोड़ और धनेटा के अस्पतालों में भी डॉक्टरों की नियुक्ति की गयी है।

श्री सुक्खू ने कहा कि जोलसप्पड़ स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज का जल्द ही उद्घाटन किया जायेगा। उत्तर भारत में अपनी तरह का पहला अलाइड हेल्थ साइंसेज संस्थान यहीं स्थापित किया जायेगा। कुलपति को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि संस्थान में दाखिले चालू वर्ष से ही शुरू हों। इसलिए अलाइड हेल्थ साइंसेज के पेशेवरों को हमीरपुर में ही प्रशिक्षित किया जायेगा।

स्थानीय निवासियों से जन स्वास्थ्य शिविर का पूरा लाभ उठाने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में नादौन और हमीरपुर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांगू स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को 'राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल' का दर्जा दिया गया है। विद्यालय की नयी इमारत का निर्माण किया जायेगा और छात्रों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान की जायेंगी। प्राथमिक विद्यालय के भवन का निर्माण भी जल्द शुरू होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित