अमृतसर , अगस्त 19 -- पंजाब की पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के मलेरकोटला में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के दौरान दिये गये बयान पर सवाल उठाते हुए कहा है कि मेडिकल कॉलेज किसी विशेष मजहब के लोगों के लिए नहीं होते।
प्रो चावला ने बुधवार को कहा कि यह बेहद अफसोस की बात है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मलेरकोटला में मेडिकल कॉलेज के भवन का शिलान्यास करते हुए कहा कि वहां बनने वाला मेडिकल कॉलेज मुस्लिम भाईचारे के लिए होगा और कलानौर में बनने वाला मेडिकल कॉलेज मसीही भाईचारे के लिए होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि पंजाब में ऐसा कौन सा मेडिकल कॉलेज या विश्वविद्यालय है, जो केवल किसी एक धर्म के लोगों के लिए बनाया गया हो। उन्होंने कहा कि मेडिकल शिक्षा संस्थान सभी नागरिकों के लिए होते हैं और उनमें धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के कारण मुख्यमंत्री मतों को ध्यान में रखकर कभी मेडिकल कॉलेज को मुस्लिम समुदाय और कभी ईसाई समुदाय से जोड़कर पेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि इन मेडिकल कॉलेजों में पंजाब और देश के अन्य धर्मों के लोगों के लिए प्रवेश निषेध होगा या सभी को समान अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ऐसा बयान पंजाब के लोगों को दुख पहुंचाने वाला है। मेडिकल कॉलेजों के निर्माण में वर्षों लग सकते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के इस कथित बयान ने करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
प्रो चावला ने मुख्यमंत्री से अपील की कि मेडिकल कॉलेजों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों को किसी विशेष धर्म से जोड़ने के बजाय उन्हें पूरे पंजाब और देश के सभी नागरिकों के लिए समान रूप से समर्पित बताया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित