नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- दिल्ली सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मेट्रो नेटवर्क का सहारा लिया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को आईटीओ मेट्रो स्टेशन से 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत विशेष रूप से तैयार की गयी मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन पर सरकार की विभिन्न योजनाओं और नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गयी है। उन्होंने कहा कि 'सेवा संकल्प अभियान' का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ती है और इसके माध्यम से योजनाओं की जानकारी पहुंचाने से पात्र नागरिकों को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक होने और उनका लाभ उठाने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी केवल सरकारी कार्यालयों या ऑनलाइन माध्यमों तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों के रोजमर्रा के आवागमन के दौरान भी उन तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत आयुष्मान वय वंदना योजना, लास्ट माइल कनेक्टिविटी, एमएसएमई के लिए कारोबार सुगमता और बिना गारंटी 10 करोड़ रुपये तक के ऋण, इलेक्ट्रिक वाहन नीति के तहत कर लाभ एवं सब्सिडी, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, पांच रुपये में भोजन की अटल कैंटीन योजना, दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत जरूरतमंद महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सहायता, मेट्रो विस्तार, स्वच्छ दिल्ली-हरित दिल्ली अभियान, महिलाओं के लिए सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड, 1,511 अनधिकृत कॉलोनियों का नियमितीकरण और स्वच्छ यमुना मिशन जैसी पहलों की जानकारी लोगों तक पहुंचायी जायेगी।

सरकार के अनुसार जागरूकता अभियान केवल मेट्रो ट्रेनों की रैपिंग तक सीमित नहीं रहेगा। दिल्ली मेट्रो के स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन और वीडियो वॉल के माध्यम से भी योजनाओं से जुड़े संदेश प्रदर्शित किये जायेंगे। इन स्क्रीन पर हर पांच मिनट में 15 सेकंड के लिए संबंधित संदेश दिखाए जायेंगे। इसके अलावा दिल्ली क्षेत्र के मेट्रो स्टेशनों पर स्थायी प्रचार पैनल लगाये जायेंगे, जिनके माध्यम से यात्रियों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित