वाराणसी , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले की चोलापुर पुलिस ने मेटा के अलर्ट पर आत्महत्या करने जा रहे 19 वर्षीय युवक की जान बचा ली।
युवक ने रविवार रात इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था, "आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल न करना क्योंकि मैंने ज़हर खा लिया है।" इस पोस्ट के संबंध में मेटा की ओर से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्राप्त हुआ।
सोशल मीडिया सेल वाराणसी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना और लोकेशन के आधार पर थाना चोलापुर के उप निरीक्षक अवनीश मिश्रा एवं आरक्षी विकास शर्मा मात्र 17 मिनट के अंतराल में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने तत्काल परिजनों के साथ युवक के पास पहुंचकर देखा कि वह एक ग्लास में कुछ घोलकर पी रहा था। उसके पास ही एक कीटनाशक पैकेट का खाली रैपर पड़ा हुआ था। पुलिस कर्मियों ने तुरंत युवक से वह ग्लास छीन लिया।
जब युवक से पूछा गया कि उसने क्या पिया है, तो उसने बताया कि वह कीटनाशक घोलकर पी रहा था। यह कहते हुए युवक जोर-जोर से रोने लगा। पुलिस कर्मियों ने तत्काल परिजनों के सहयोग से युवक को घरेलू प्राथमिक उपचार दिया। युवक के सामान्य होने के बाद पुलिस द्वारा जानकारी लेने पर उसने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन लड़की उससे बात करना नहीं चाहती थी। इसी कारण वह अवसाद में चला गया था और आत्महत्या करने का कदम उठा लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित