भदोही , जनवरी 23 -- सोशल मीडिया पर आत्महत्या से जुड़े मामलों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा (फेसबुक/इंस्टाग्राम) के बीच 2022 से लागू व्यवस्था एक बार फिर बेहद प्रभावी साबित हुई है।

एक दिन पूर्व गुरुवार देर रात्रि को मेटा कंपनी द्वारा भेजे गए सुसाइडल अलर्ट पर पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद भदोही पुलिस ने मात्र सात मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर 22 वर्षीय युवक की जान बचा ली।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस को मेटा सुसाइडल अलर्ट की इस नई पहल के लिए प्रतिष्ठित स्कॉच अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, एक जनवरी 2023 से 20 जनवरी 2026 के बीच इस पहल के माध्यम से अब तक कुल 1915 लोगों के प्राणों की रक्षा की जा चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, भदोही जिले के थाना औराई क्षेत्र के निवासी 22 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने आत्महत्या की बात कही। युवक ने वीडियो के साथ भावुक संदेश भी लिखा "मुझे माफ करना मेरी जान. मैंने नींद की 50 गोली खाई है."। पोस्ट के संबंध में रात 11:15 बजे मेटा कंपनी द्वारा पुलिस मुख्यालय स्थित डीजीपी ऑफिस के सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के जरिए अलर्ट भेजा गया।

अलर्ट मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के निर्देश पर सोशल मीडिया सेंटर ने अलर्ट में उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस कर तत्काल भदोही पुलिस को सूचना दी।

मुख्यालय से मिली लोकेशन के आधार पर थाना औराई के उप निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मात्र 7 मिनट में युवक के घर पहुंच गए। परिजनों से जानकारी लेकर पुलिस युवक के कमरे में पहुंची, जहां युवक बेचैनी की हालत में बिस्तर पर करवटें बदल रहा था और उसे उल्टियां हो रही थीं।पुलिसकर्मियों ने बिना देरी युवक को उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार कर युवक की जान बचा ली।

युवक के सामान्य होने पर पुलिस ने उससे बातचीत की। युवक ने बताया कि वह नई बाइक खरीदना चाहता था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजन मना कर रहे थे। इसी बात से वह अवसाद में चला गया और उसने आत्महत्या का कदम उठा लिया।

पुलिस ने युवक की काउंसलिंग की और समझाया भी जिसके बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया। वहीं परिजनों ने पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस का धन्यवाद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित