प्रयागराज , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मेजा थाना क्षेत्र के सोनार का तारा बाजार के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक सवार रमेश चंद्र तिवारी (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा राहुल तिवारी (27) और तीन वर्षीय नाती रुद्रांश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मैजिक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, मेजा थाना क्षेत्र के उचडीह (तिवारी का पूरा) गांव निवासी रमेश चंद्र तिवारी शुक्रवार शाम अपने बड़े बेटे राहुल और नाती रुद्रांश के साथ बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। शाम करीब चार बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे। सोनार का तारा बाजार के पास सामने से तेज रफ्तार में आए मैजिक वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में रमेश चंद्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि राहुल और रुद्रांश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जेवानिया चौकी प्रभारी सुमित त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के बाद मैजिक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित