चंडीगढ़ , दिसंबर 09 -- सेना की अमोघ डिविजन के जीओसी मेजर जनरल अनुज कालिया ने मंगलवार को ऐतिहासिक आसफवाला वॉर मेमोरियल, फ़ाज़िल्का से दक्षिण पश्चिमी कमान की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर फाजिल्का की उपायुक्त अमरप्रीत कौर संधू, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत सिंह, प्रसिद्ध साइकिलिस्ट आशा मालवीय और बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के अधिकारी उपस्थित रहे।

सेना के प्रवक्ता ने यहां जारी एक बयान में कहा कि यह रैली सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, साहस और सेना की अटूट निष्ठा का प्रतीक है। साथ ही यह रैली जयपुर में होने वाली आर्मी डे परेड 2026 से पहले जागरूकता बढ़ाने का भी एक प्रयास है। उन्होने कहा कि 800 किलोमीटर से अधिक लम्बे इस चुनौतीपूर्ण मार्ग पर 23 जोशीले और अनुशासित सैनिक फ़ाज़िल्का, अबोहर, श्रीगंगानगर, करणपुर, अनूपगढ़, खाजूवाला और बीकानेर जैसे प्रमुख स्थानों से होते हुए यात्रा करेंगे और 16 दिसंबर 2025 को जयपुर पहुंचेंगे।

रास्ते में रैली का उद्देश्य सीमा क्षेत्र के लोगों, पूर्व सैनिकों, एनसीसी कैडेट्स और युवाओं से जुड़ना है। सैनिक विभिन्न जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम, प्रेरणादायक वार्ताएं, स्वास्थ्य शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिनका उद्देश्य अनुशासन, सेवा, करुणा और राष्ट्रीय गर्व के संदेश को फैलाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित