शिलांग , सितंबर 19 -- देशव्यापी 20वें रोजगार मेले के तहत शनिवार को केंद्रीय विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने मेघालय की राजधानी शिलांग में विभिन्न केंद्रीय सरकारी विभागों में नवनियुक्त 127 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के अभ्यर्थियों को संबोधित किया।

शिलांग के स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में आयकर विभाग, भारतीय रेलवे और इंडिया पोस्ट (डाक विभाग) सहित कई केंद्रीय मंत्रालयों और संस्थानों में चुने गए नवयुवकों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने कहा कि ये नियुक्ति पत्र न केवल एक करियर की शुरुआत हैं, बल्कि सार्वजनिक सेवा, जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का शुभारंभ भी हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र की क्षमता को बताते उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास से ऐसा पारिस्थितिक तंत्र बन रहा है, जिससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही पढ़ाई, काम और नवाचार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्वोत्तर का विकास देश के समग्र विकास का अभिन्न हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित