शिलांग , अप्रैल 03 -- खेल एवं युवा मामलों के आयुक्त और सचिव डॉ. विजय कुमार डी. ने बताया कि मेघालय सरकार ने 2027 में राज्य में आयोजित होने वाले 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिये अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं और अब पूरे राज्य में टीमों को प्रशिक्षण की गतिविधियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं।

डॉ. कुमार डी. ने कहा कि मेघालय को खेलों की महाशक्ति बनाने के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के दृष्टिकोण के अनुरूप, राज्य, खेल बुनियादी ढांचे, एथलीटों के विकास और युवाओं की भागीदारी में अभूतपूर्व निवेश कर रहा है।

डॉ. कुमार डी.ने बताया कि विभिन्न खेलों में टीमों की तैयारी और एथलीटों के विकास को बढ़ावा देने के लिए 27 राज्य खेल संघों को प्रथम चरण के रूप में 40 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा, "इस दृष्टिकोण के मूल में सरकार का भरोसे पर आधारित मॉडल है, जो संघों को कार्यात्मक स्वायत्तता के साथ सशक्त बनाता है। इस समर्थन ने संघों को स्वतंत्र रूप से खेल उपकरण खरीदने, प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा विशिष्ट प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने में सक्षम बनाया है।"डॉ. कुमार डी. ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, वर्तमान में पूरे राज्य में लगभग 2,000 एथलीटों को बेहतर बुनियादी ढांचे, नए नियुक्त प्रशिक्षकों और उपकरणों की सुलभता के साथ व्यवस्थित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित