शिलांग , सितंबर 11 -- मेघालय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अलेक्जेंडर लालू हेक ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की।
श्री शाह के बुलावे पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे श्री हेक ने कहा कि भाजपा मेघालय में एक स्वतंत्र ताकत के रूप में उभरने और अपनी सरकार बनाने की तैयारी कर रही है।
दूसरी ओर यूडीपी की अंदरूनी कलह तब खुलकर सामने आ गयी जब पार्टी के 12 विधायकों में से सात विधायक आज शिलांग में पार्टी मुख्यालय में आयोजित 29वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल नहीं हुए।
बैठक में शामिल न होने वाले विधायकों में पॉल लिंगदोह, काइरमेन श्यल्ला, पायस मारवेइन, मायरालबोर्न सिएम, मैथ्यू बियॉन्डस्टार कुर्बाह और सिनशर रॉय कुपर लिंगदोह शामिल हैं।
पार्टी की केंद्रीय कार्यकारी समिति की बैठक में केवल पांच विधायक - मेटबाह लिंगदोह, लाहकमेन रिम्बुई, नुजोर्की सुंगोह, रेनिक्टन लिंगदोह टोंगखार और ओलन सिंह सुइन - ही शामिल हुए। सुइन उन आठ विधायकों की सूची में शामिल हैं जो भाजपा में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
विधायक सुइन के अनुसार, आठ यूडीपी विधायकों का पाला बदलना पूरी तरह से केंद्र सरकार द्वारा उनकी मुख्य मांगों को पूरा करने पर निर्भर करता है। इन मांगों में खासी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करना, छोटे ज़मीन मालिकों के लिए कोयला खनन में ढील, शिलांग में हरिजन कॉलोनी से लोगों को दूसरी जगह बसाना, और विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए) तथा मेघालय निवासी सुरक्षा एवं संरक्षा अधिनियम पर प्रस्ताव शामिल हैं।
यूडीपी के महासचिव टिटोसस्टारवेल काइन ने पार्टी में फूट की अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्रीय पार्टी एकजुट है। काइन ने पत्रकारों से कहा, "आज की तारीख में ऐसी कोई बात नहीं है। कुछ विधायक बैठक में शामिल हुए और कुछ ने बताया कि वे शामिल नहीं हो पाये। पार्टी छोड़ने या पाला बदलने का कोई सवाल ही नहीं है। वे जैसे हैं, वैसे ही रहेंगे। हमारी पार्टी एकजुट है, हमारे विधायक एकजुट हैं, लेकिन हम यह अनुमान नहीं लगा सकते कि कल क्या होगा।"इससे पहले श्री हेक ने केंद्रीय गृह मंत्री के साथ राज्य में उभरते राजनीतिक माहौल और भाजपा के लिए स्पष्ट अवसर के बारे में अपनी राय साझा की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित