शिलांग , फरवरी 17 -- मेघालय में गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद (जीएचएडीसी) के चुनाव 10 अप्रैल को होंगे।

प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री वैलादमिकी शायला ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि परिषद चुनावों के कार्यक्रम को सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल ने मंज़ूरी दे दी। उन्होंने बताया कि चुनावों की अधिसूचना नौ मार्च को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 मार्च है और नामांकन पत्रों की जांच उसी तारीख को दोपहर तीन बजे के बाद होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 17 मार्च दोपहर तीन बजे तक है।

वैध नामांकन पत्रों का प्रकाशन और चुनाव चिन्ह का वितरण 18 मार्च को किया जाएगा। मतदान 10 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि नतीजे 14 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।मेघालय में खासी, जैंतिया और गारो हिल्स तीन जिला परिषदें हैं।

नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) सोमवार को ही इन जीएचएडीसी के चुनावों के लिए 24 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित