शिवपुरी , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी में आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर के लिए अब तक करीब 13 हजार मरीजों ने पंजीयन कराया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मेडिकल कॉलेज के पास 17 से 24 मार्च तक इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा, जबकि इसका शुभारंभ 16 मार्च को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के सहयोग से आयोजित इस शिविर में शिवपुरी, गुना, अशोकनगर सहित आसपास के जिलों के मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। ऐसे मरीज जो गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए बड़े शहरों में नहीं जा पाते, उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा यहीं उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीयन के लिए क्यूआर कोड जारी किया गया है और अब तक लगभग 13 हजार मरीज पंजीयन करा चुके हैं। शिविर में विशेष बसों के माध्यम से आधुनिक जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनका खर्च सामान्यतः काफी अधिक होता है और जो बड़े शहरों में ही उपलब्ध रहती हैं। स्वास्थ्य शिविर में नेत्र जांच और उपचार की भी विशेष व्यवस्था रहेगी। शिविर की व्यवस्थाओं में जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों का सहयोग रहेगा।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज और अपर कलेक्टर दिनेश शुक्ला को शिविर की व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस शिविर में मरीजों को परीक्षण और उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित