हनुमानगढ़ , मई 29 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में रावतसर रोड मेगा हाईवे के किनारे स्थित कोहला फार्म में शुक्रवार को आग लग गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें सीधे राजमार्ग तक पहुंच गयीं, जिससे रावतसर मार्ग पर जाम लग गया। आसपास के किसान, व्यापारी और मजदूर आग बुझाने के लिए तुरंत जुट गये और पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। मौके पर तहसीलदार हरीश साहरण, टाउन थाना प्रभारी अशोक विश्नोई और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत पहुंच गये।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए टाउन, पीलीबंगा, रावतसर सहित आसपास के अन्य क्षेत्रों से दमकल की गाड़ियां मंगवाईं हैं।
फिलहाल करीब आठ दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं। आसपास के गांव और शहरों से लोग वॉटर टैंकर लेकर पहुंचे हैं। वे भी आग बुझाने में मदद कर रहे हैं। अब तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आग से कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। प्रशासन का दल मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित