नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल मेकमायट्रिप ने अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के साथ करार किया है जिसके तहत अंतर्राष्ट्रीय यात्री ड्यूटी फ्री स्टोर से सामान की प्री-बुकिंग करा सकेंगे।

दोनों कंपनियों ने सोमवार को इस संबंध में हुए करार की घोषणा की। इसके तहत अडानी एयरपोर्ट्स द्वारा संचालित हवाई अड्डों पर प्रस्थान और आगमन दोनों के लिए ड्यूटी-फ्री प्री-बुकिंग सेवा शुरू की गई है। यात्री 10 से अधिक श्रेणियों में 100 से अधिक ब्रांड और 14,000 से अधिक एसकेयू में से उत्पाद ब्राउज कर सकते हैं और अपनी यात्रा से पहले मेकमायट्रिप पर उन्हें प्री-बुक कर सकते हैं। साथ ही विभिन्न श्रेणियों में विशिष्ट ऑनलाइन ऑफर के लाभ भी ले सकते हैं। यह सेवा अंतर्राष्ट्रीय प्रस्थान और आगमन दोनों यात्रियों के लिए उपलब्ध है।

इस पहल का उद्देश्य एयरपोर्ट पर ब्राउज़िंग और कतार में खड़े होने में लगने वाले समय को कम करना है। इससे चेक-इन से लेकर बोर्डिंग और आगमन तक समय प्रबंधन बेहतर होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित