पटना , जुलाई 23 -- िहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध खेती की आधारशिला है। श्री सिन्हा ने आज बयान जारी कर कहा कि किसानों को उनकी भूमि की उर्वरता की सही जानकारी उपलब्ध कराने तथा संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना का प्रभावी क्रियान्वयन राज्य में किया जा रहा है।

कृषि मंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत किसानों के खेतों की मिट्टी का निःशुल्क परीक्षण कर उन्हें मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराया जाता है। इस कार्ड में मिट्टी के 12 महत्वपूर्ण मानकों, जैसे pH, विद्युत चालकता, जैविक कार्बन, नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश, सल्फर, बोरॉन तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों जिंक, आयरन, कॉपर एवं मैंगनीज की विस्तृत जानकारी दी जाती है। इसके आधार पर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग तथा उपयुक्त फसल चयन का वैज्ञानिक परामर्श भी उपलब्ध कराया जाता है।

मंत्री ने कहा कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना केवल मिट्टी की जाँच तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को वैज्ञानिक खेती, फसल चक्र, जैविक खेती तथा जल प्रबंधन जैसी टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित करती है। इससे खेती की लागत में कमी आती है, उत्पादन एवं गुणवत्ता में वृद्धि होती है और मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक सुरक्षित रहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित