पंचकूला , अगस्त 07 -- हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच हरियाणा पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर डटी रही। संभावित भारी ट्रैफिक जाम और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात संचालन की जिम्मेदारी संभालने के आदेश दिए गए।

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि भारी बारिश के कारण शहर में यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सुबह से ही विशेष ट्रैफिक प्रबंधन अभियान शुरू कर दिया गया। इसके तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रमुख चौकों, व्यस्त मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

प्रवक्ता ने बताया कि लगातार बारिश के बावजूद शहर के अधिकांश हिस्सों में यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। हालांकि, कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है। ऐसे सभी स्थानों पर हरियाणा पुलिस की टीमें लगातार मौजूद हैं और यातायात को सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित