बालोद , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ में बालोद जिले के शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं की कमी और अन्य समस्याओं को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया और प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग करते हुए दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

विद्यार्थियों ने कॉलेज के सामने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग को करीब 10 मिनट तक अवरुद्ध रखा। चक्काजाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र-छात्राओं को सड़क से हटाया। इसके बाद विद्यार्थी कॉलेज के सामने धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन जारी रखा।

प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का आरोप है कि महाविद्यालय में व्याप्त मूलभूत समस्याओं के संबंध में प्राचार्य को अवगत कराने पर उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है। विद्यार्थियों के अनुसार समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक अपेक्षित निराकरण नहीं हुआ है।

प्रदर्शन को देखते हुए महाविद्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से बातचीत कर स्थिति को संभालने का प्रयास कर रहे हैं।

इस बीच अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी विद्यार्थियों के आंदोलन को समर्थन दिया है। संगठन के कार्यकर्ता धरने में शामिल हुए और विद्यार्थियों की मांगों का निराकरण करने की मांग की।

फिलहाल छात्र-छात्राओं का धरना जारी है। प्रदर्शनकारी महाविद्यालय की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित