जालौन , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में गुरुवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सभागार में मूंग क्रय केंद्रों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित सभी 16 मूंग क्रय केंद्रों पर खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध ढंग से संचालित हो तथा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर किसानों के बैठने, पेयजल, तौल, भुगतान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान 25 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के लिए प्रस्तावित नए मूंग क्रय केंद्रों की कार्रवाई लंबित मिलने पर उन्होंने उद्यान अधिकारी और एआर कोऑपरेटिव को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी औपचारिकताएं तत्काल पूरी कर प्रस्तावित क्रय केंद्रों का संचालन शुरू कराया जाए, ताकि किसानों को अपने निकट ही उपज बेचने की सुविधा मिल सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप मूंग खरीद अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर प्रत्येक पात्र किसान को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम, एआर कोऑपरेटिव शिव कुमार, उद्यान अधिकारी परवेज खान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित