दरभंगा , जून 25 -- मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री जगुनाथ रड्डी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर लहेरियासराय टावर, पंडासराय, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, दरभंगा रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी, बेंता सहित शहर के प्रमुख इलाकों से होकर गुजरा।

इस दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से मुहर्रम पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति, सद्भाव एवं आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की है।

मुहर्रम को लेकर जिले के 515 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सशस्त्र पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन सभी नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।

वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जलारड्डी ने कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित