सहरसा , जून 24 -- मुहर्रम पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बुधवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने की।

बैठक में बताया गया कि मुहर्रम 26 एवं 27 जून को मनाए जाने की संभावना है। पर्व के मद्देनजर जिले में व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र में चार गश्ती दल दंडाधिकारियों तथा 141 स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ की गई है। वहीं सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में एक गश्ती दल दंडाधिकारी एवं 44 स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।

सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी 25 जून से 27 जून तक अथवा कार्यक्रम की समाप्ति तक अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी 25 से 27 जून तक लगातार कार्यशील रहेगा।

बैठक में बताया गया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में अपर समाहर्ता निशांत, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रेयांश तिवारी समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित