गोरखपुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक अलग तस्वीर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।

देश में गौ हत्या और गौ संरक्षण को लेकर लंबे समय से सियासी और सामाजिक बहस चलती रही है। आमतौर पर इस मुद्दे को मुस्लिम समुदाय से जोड़कर देखा जाता है और कई बार इसे लेकर विवाद तथा हिंसा की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इसी बीच गोरखपुर से एक अलग तस्वीर सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच लिया।

दरअसल, बकरीद के दिन गोरखपुर के बहरामपुर स्थित ईदगाह में नमाज के बाद एक मुस्लिम युवक लोगों के बीच हाथ में बैनर लेकर दिखाई दिया। युवक का नाम शमीम डायमंड बताया जा रहा है, जो तिवारीपुर थाना क्षेत्र के दाऊद चक इलाके के निवासी हैं।

नमाज अदा कर बाहर निकल रहे लोगों से शमीम डायमंड ने अपील की कि वे गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की उनकी मुहिम का समर्थन करें। उनके हाथ में मौजूद बैनर पर भी इसी तरह की मांग लिखी हुई थी। ईदगाह परिसर के बाहर यह दृश्य लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित