सहारनपुर , सितंबर 28 -- उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर वैचारिक मुस्लिम नेतृत्व बहुत संजीदा और सर्तक राय रखता है। कई मुस्लिम बुद्धिजीवियों ने जो सियासत की गहरी समझ रखते हैं, कहते है कि मुसलमानों को काफी अरसे से जारी "हिंदू-मुस्लिम" सियासत के झांसे में फंसने की जरुरत नहीं है। वे बिल्कुल नहीं चाहते कि मुस्लिम प्रतिनिधित्व बढ़ाने की कोशिशें की जाए बल्कि सेकुलर विधायकों की संख्या में इजाफा और सेकुलर विचारधारा की सरकार का गठन हो।
नव्बे से ऊपर के सहारनपुर के विख्यात वकील एवं विद्वान अनवर अली ने कहा कि कलक्ट्रेट मस्जिद को शहीद किए जाने को लेकर मुस्लिमों ने संयम और धैर्य दिखाकर उसे सियासी मुद्दा नहीं बनने दिया इसके बजाए वे कानूनी विकल्पों पर गए। नरमपंथी अनवर अली ने कहा कि सदनों में सांसद एवं विधायक का महत्व होता है न कि मुस्लिम या गैर मुस्लिम का। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है जो संविधान के चलता है। पिछले विधानसभा चुनावों में सांसद असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी (एआईएम आई एम) ने 60 और बीएसपी ने 88 मुस्लिमों को टिकट दिया था। जीता कोई नहीं बल्कि मायावती का पूरे सूबे में एक ही वो भी गैर मुस्लिम उम्मीदवार ही जीता। जो 34 मुस्लिम विधायक बने उनमें से 32 सपा के और दो रालोद के थे।
इनमें भी 21 विधायक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के थे। मुस्लिम मजलिम के वर्षों पदाधिकारी देवबंद के विचारक एवं लेखक बदर आलम काजमी कहते है कि गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, गाजियाबाद, बागपत, मुजफ्फरनगर से कोई मुस्लिम नहीं जीता। मुरादाबाद जिले से कमाल अख्तर, नवाब जान, नासिर कुरैशी और मौ. फहीम इरफान चार विधायक चुने गए थे। रामपुर से दो शफीक अहमद अंसारी एवं नसीर अहमद खां, शामली से भी नाहिद हसन एवं अशरफ अली खां, सहारनपुर से दो उमर अली एवं आशु मलिक, मेरठ से गुलाम मोहम्मद, शाहिद मंजूर एवं रफीक अंसारी तीन विधायक जीते थे। संभल से एक - इकबाल महमूद, बिजनौर से एक-तसलीम अहमद और अमरोहा से भी एक-महबूब अली व विधायक बने थे। बदर काजमी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा मुस्लिम विधायक 68, वर्ष 2007 में मायावती की सरकार बनने के वक्त जीते थे। तब दलित और मुस्लिम के बीच तालमेल बन गया था। मायावती के भाजपा के प्रति लगातार नरम रूख के चलते यह तालमेल फिर कभी नहीं बन पाया।
अनवर अली कहते है कि 403 में से 143 सीटे ऐसी है जहां मुस्लिम मत निर्णायक है। प्रदेश में मुस्लिम आबादी 19-20 फीसद है। प्रदेश में 73 सीटें ऐसी है जहां मुस्लिम मत 35 से 50 फीसद तक है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मुस्लिम बाहुल्य सीटे ज्यादा है। यदि आने वाले चुनावों में ध्रुवीकरण की सियासत परवान नहीं चढ़ी तो सेकुलर ताकतें मजबूत होगी। हमारे जैसे लोग यही चाहते है। मुस्लिम समाज की गहरी, समझ रखने वालेदारूल उलूम (वक्फ) के विद्वान एवं लेखक अब्दुल्ला जावेद कहते है कि भारत की जनता की मूल सोच उदार है। वह किसी भी तरह के अतिवाद को खारिज करती है। 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा मात्र 240 सीटों पर ही सिमट गई थी। अबकी यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लोकप्रियता के बावजूद भाजपा की सीटें घटेगी और ओवेसी एवं मायावती जैसे नेताओं के मुस्लिम मतों में विभाजन के मंसूबे पूरे नहीं होंगे। अब्दुल्ला जावेद कहते है कि हमें अटल बिहारी वाजपेयी जैसे सूझबूझ वाले नेता स्वीकार्य थे। मुसलमानों ने चौ. चरण सिंह, चंद्रशेखर, वीपी सिंह, हेमवती नंदन बहुगुणा को पसंद किया और चुनावों में उन्हें एकतरफा समर्थन एवं वोट दिया। इस बार मुस्लिम इमरान मसूद या इकरा हसन के चेहरे पर नहीं बल्कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव के भरोसे पर वोट देंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित