रांची , अगस्त 03 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज जामताड़ा जिले के रानीटांड़ गांव पहुंचकर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता तुंबा सोरेन के बड़े भाई शॉर्बे सोरेन, जो लंबे समय से गंभीर रूप से बीमार हैं, से मुलाकात की।
डॉ. अंसारी ने उनका हाल-चाल जाना और स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लेने के बाद तत्काल बेहतर इलाज के लिए उन्हें सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ रांची रेफर कराने का निर्देश दिया। डॉ. अंसारी ने संबंधित चिकित्सकों से बात कर मरीज के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा, "मुसीबत में किसी का सहारा बनना ही जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा धर्म है। जब भी मेरे क्षेत्र का कोई व्यक्ति संकट में होगा, मैं उसके साथ चट्टान की तरह खड़ा रहूंगा।" इस दौरान गांव के लोगों ने मंत्री के मानवीय व्यवहार और त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि "डॉ. इरफान अंसारी हमारे जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि हमारे अभिभावक हैं। हर सुख-दुख में सबसे पहले हमारे बीच पहुंचते हैं।"मरीज के परिजनों ने भी स्वास्थ्य मंत्री के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके समय पर सहयोग से परिवार को बड़ी राहत और भरोसा मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित