भोपाल , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश में धार स्थित भोजशाला में मां वाग्देवी के पूजन को लेकर भोपाल से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारत के सनातनियों की यह मांग पहले भी थी, आज भी है और आगे भी बनी रहेगी कि जहां बागेश्वरी देवी विराजमान हैं, उस स्थल पर पूजा की अनुमति दी जाए।
श्री शर्मा ने कहा कि मुसलमान यह मानते हैं कि जिस स्थान पर भगवान विराजमान हों, वहां उनकी इबादत स्वीकार नहीं होती। ऐसे में मुसलमानों को भी यह समझना चाहिए और राजनीति से प्रेरित होकर नहीं, बल्कि समझदारी से हिंदुओं के साथ सद्भावना रखते हुए भोजशाला में पूजन करने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भोजशाला राजा भोज द्वारा निर्मित भूमि पर स्थित है और राजा भोज ने वहां मां सरस्वती का मंदिर बनवाया था। मां सरस्वती विद्या की देवी हैं और उनकी आरती-पूजा सभी को करने देना चाहिए। अनावश्यक विवाद खड़ा नहीं किया जाना चाहिए।
विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय से बार-बार प्रार्थना की जाएगी और लोकतंत्र की चौखट पर भी तथा न्यायालय की चौखट पर भी निरंतर आग्रह किया जाएगा कि मां जगत जननी देवी सरस्वती की निरंतर पूजा-अर्चना की अनुमति दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित