बैतूल , दिसंबर 09 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की पुलिस ने मुलताई क्षेत्र से अपहृत 6 साल की मासूम बच्ची को महाराष्ट्र के तिवसा गांव से बरामद कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही नर्मदापुरम जोन के पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत खरे, पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हाई अलर्ट जारी किया गया।
फरियादी द्वारा थाना मुलताई में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 7 दिसंबर की शाम बालिका घर के सामने खेल रही थी, तभी गांव का ही आदतन अपराधी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गया। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद न मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। संदेह आरोपी अनिल कुशराम पर गया, जो अमरावती जेल से हाल ही में पैरोल पर रिहा हुआ है और हत्या, दुष्कर्म व चोरी सहित गंभीर अपराधों में सजा काट चुका है। आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया।
बच्ची को महाराष्ट्र ले जाए जाने की आशंका पर सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई और महाराष्ट्र पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन और संभावित मार्गों पर घेराबंदी के आधार पर पुलिस ने तिवसा गांव से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया। वह पूरी तरह सुरक्षित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित