बैतूल , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना में उनका तीन वर्षीय बच्चा सुरक्षित बच गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चिल्हाटी निवासी कमलेश बोबड़े के रूप में हुई है, जो भोपाल में इंजीनियर थे। वह रविवार रात अपनी पत्नी और बच्चे के साथ एक पारिवारिक सगाई समारोह से बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान मल्हारा पंखा के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद भी कार चालक नहीं रुका और कमलेश को बाइक सहित करीब एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। टक्कर के बाद उनकी पत्नी और बच्चा बाइक से दूर जा गिरे, जिसमें पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई, जबकि बच्चा मामूली रूप से घायल है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला का उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी चालक टोल मार्ग से न जाकर चिल्हाटी की ओर भाग निकला।
जांच के दौरान चिल्हाटी क्षेत्र के एक मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध कार कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है। मुलताई पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित