बैतूल , सितंबर 17 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में अपर कलेक्टर न्यायालय की नियमित सुनवाई शुरू कराने की मांग को लेकर अभिभाषक संघ ने कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवाने को ज्ञापन सौंपा है। संघ ने मांग की है कि मुलताई में हर महीने कम से कम चार दिन अपर कलेक्टर न्यायालय लगाया जाए, ताकि क्षेत्र के वकीलों और पक्षकारों को सुनवाई के लिए बैतूल नहीं जाना पड़े।

अभिभाषक संघ के अध्यक्ष सीएस चंदेल ने बताया कि मुलताई न्यायालय में करीब 300 अधिवक्ता कार्यरत हैं। मुलताई के अलावा आमला, मासोद और प्रभातपट्टन क्षेत्र तथा आठनेर के कई गांव महाराष्ट्र और अन्य जिलों की सीमाओं से लगे हैं। इन क्षेत्रों से आने वाले पक्षकारों को अपर कलेक्टर न्यायालय से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए करीब 60 से 70 किलोमीटर दूर बैतूल जाना पड़ता है।

संघ के अनुसार मुलताई के अनुविभागीय अधिकारी के आदेशों के खिलाफ अपील और पुनरीक्षण जैसे मामलों में भी पक्षकारों को बैतूल पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए सीमित परिवहन साधनों के कारण यह दूरी परेशानी का कारण बनती है। कई पक्षकारों को समय पर पेशी में पहुंचने के लिए एक दिन पहले ही घर से रवाना होना पड़ता है। इससे यात्रा का खर्च और काम से होने वाला नुकसान दोनों बढ़ जाते हैं।

अभिभाषकों ने कहा कि मुलताई में महीने में चार दिन अपर कलेक्टर न्यायालय की सुनवाई होने से बड़ी संख्या में पक्षकारों को स्थानीय स्तर पर न्यायिक सुविधा मिल सकेगी। इससे बैतूल आने-जाने में लगने वाला समय और खर्च भी बचेगा। संघ ने कलेक्टर से मांग पर जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। ज्ञापन 15 सितंबर को सौंपा गया। इस दौरान अध्यक्ष सीएस चंदेल सहित अभिभाषक संघ के कई सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित