बैतूल , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में पुलिस ने गश्त के दौरान मवेशियों से भरी टाटा सूमो जब्त की है। पुलिस को देखकर वाहन में सवार आरोपी फरार हो गए। वाहन से छह मवेशी बरामद किए गए, जिनमें से एक की मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में टीम मंगलवार तड़के गश्त कर रही थी। इसी दौरान कामत गांव के पास संदिग्ध हालत में खड़ी टाटा सूमो दिखाई दी। पुलिस को आता देख उसमें सवार लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।

वही पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने पहुंचाया। तलाशी में छह मवेशी ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। इनमें एक मृत था, जबकि पांच जीवित मवेशियों को सुरक्षित गौशाला भेजने की कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन के पंजीयन नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित