बैतूल , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों की समस्या से निपटने के लिए नगर पालिका ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन दो दर्जन से अधिक बेसहारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा गया।
नगर पालिका के उपयंत्री महेश शर्मा ने सोमवार को बताया कि शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बेसहारा मवेशियों की बढ़ती संख्या से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था। इसे देखते हुए नगर पालिका की टीम को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत चिन्हित स्थानों से मवेशियों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर गौशाला पहुंचाया जा रहा है, जहां उनके चारे-पानी और देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है। नगर पालिका का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है।
नगर पालिका के अनुसार शहर के कई वार्डों और मुख्य मार्गों पर मवेशियों के सड़क पर बैठे रहने से यातायात बाधित होता था तथा बाजार क्षेत्रों में व्यापारियों और आम नागरिकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
नगरवासियों की लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान शुरू किया गया है। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में बेसहारा मवेशी दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके।
नगर पालिका ने बताया कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा और शहर को बेसहारा मवेशियों से मुक्त कर सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित