बैतूल , जून 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलताई पुलिस ने पांच आरोपियों के कब्जे से 51 लीटर से अधिक मदिरा जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 23 जून को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान महावीर वार्ड निवासी रवि साहू के कब्जे से बीयर की 24 केन बरामद की गईं। ग्राम बाड़ेगांव निवासी आकाश वानखेड़े से विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर की 27 बोतलें एवं केन जब्त की गईं। ताप्ती वार्ड निवासी पुनीत बचले के पास से 14 बीयर केन तथा राहुल उर्फ रॉकी साहू के कब्जे से 15 बीयर बरामद की गईं।

पुलिस ने महावीर वार्ड निवासी चंद्रप्रकाश साहू के यहां भी कार्रवाई कर देशी मदिरा और बीयर सहित कुल 60 नग शराब जब्त की। जब्त शराब की कुल मात्रा 51 लीटर से अधिक तथा अनुमानित कीमत 19 हजार 406 रुपये बताई गई है।

पूछताछ के दौरान आरोपी शराब के भंडारण अथवा विक्रय से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित