बैतूल , अप्रैल 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों के कब्जे से गांजा बरामद किया और एक सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मासोद रोड हाईवे ब्रिज के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति गांजा बेचने के उद्देश्य से खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1.408 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपए बताई गई है। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिगों ने बताया कि गांजा ग्राम गरवाहा निवासी किशन दरवाई ने बिक्री के लिए दिया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना मुलताई में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं और बीएनएस की धारा 95 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नाबालिगों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित