बैतूल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई नगरपालिका परिषद में जलकर मद में करीब 70 लाख रुपये बकाया होने के बाद अब सख्त वसूली अभियान शुरू कर दिया गया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी के निर्देश पर विशेष टीमें गठित कर घर-घर जाकर बकाया वसूला जा रहा है। अभियान के तहत गुरुवार को आधा दर्जन उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे गए।
नगरपालिका की टीम विभिन्न वार्डों में पहुंचकर उपभोक्ताओं को उनके बकाया जलकर की जानकारी दे रही है और मौके पर ही भुगतान के लिए प्रेरित कर रही है। कई लोगों ने तुरंत राशि जमा कराई, जबकि कुछ को अंतिम चेतावनी दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार जलकर सहित अन्य करों की वसूली लक्ष्य से पीछे है, जिससे नगर में विकास कार्य, जलापूर्ति व्यवस्था और सफाई जैसी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित