बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में खरीफ सीजन के दौरान खाद वितरण में कथित अव्यवस्था और पक्षपात को लेकर किसानों ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। किसानों की शिकायत पर प्रशासन ने मौके पर राजस्व अधिकारियों को भेजकर जांच शुरू कर दी है।

किसानों का आरोप है कि वितरण केंद्र पर कुछ लोगों को प्राथमिकता देकर खाद दी जा रही है, जबकि घंटों कतार में खड़े किसानों को बिना खाद लौटना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि वे सुबह से खाद लेने के लिए लाइन में लगे थे, लेकिन कई घंटे इंतजार के बाद भी उनकी बारी नहीं आई। कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र के कर्मचारी अपने परिचित किसानों को पहले खाद उपलब्ध करा रहे हैं।

किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से खाद समाप्त होने का हवाला देकर उन्हें वापस भेजा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से बुआई और फसलों की देखभाल प्रभावित होगी, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। खाद वितरण केंद्र पर अधिक भीड़ के कारण महिला और बुजुर्ग किसानों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई किसान लंबे इंतजार के बाद बिना खाद लिए वापस लौट गए।

मुलताई के एसडीएम राजीव कहार ने बताया कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर नवनियुक्त तहसीलदार और पटवारी को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि खाद वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी या पक्षपात सामने आता है तो संबंधित कर्मचारियों को तत्काल बदल दिया जाएगा।

एसडीएम ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र किसानों को नियमानुसार खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का भी आग्रह किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित