बैतूल , मई 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के तहत मुलताई थाना पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर अवैध शराब जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक मई को मुखबिर की सूचना पर ग्राम मालेगांव में दबिश दी।

सूचना के आधार पर एक व्यक्ति द्वारा दुकान से अवैध शराब बेचे जाने की जानकारी मिली थी। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अलकेश मालवीय (45) निवासी मालेगांव बताया। दुकान की तलाशी में एक बोरी से 30 पाव देशी शराब, करीब 5.4 लीटर, बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 3200 रुपये आंकी गई है।

आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 (ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित