बैतूल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर चलाई जा रही मुहिम के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्रसिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमार कार्रवाई की।

25 मार्च की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुलताई कस्बे के विभिन्न स्थानों पर दबिश दी, जहां अवैध रूप से शराब बेच रहे नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 188 पाव अंग्रेजी शराब और 6 लीटर कच्ची महुआ शराब, यानी लगभग 39.840 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत करीब 17,980 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास शराब रखने और बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इस पर सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित