बैतूल , जून 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 32 लीटर अवैध मदिरा जब्त कर नौ प्रकरण दर्ज किए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, कलेक्टर सौरभ सोनवणे के मार्गदर्शन तथा जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार के नेतृत्व में थाना मुलताई पुलिस और आबकारी विभाग ने नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच एवं तलाशी ली गई।

जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से मदिरा का संग्रहण और विक्रय किए जाने की पुष्टि होने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए। आरोपियों के कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 12 हजार रुपये बताई गई है।

आबकारी विभाग के अनुसार सभी मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) के तहत कुल नौ प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त मदिरा को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संयुक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेन्द्र परिहार, आबकारी प्रभारी राजेश वट्टी सहित पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कार्रवाई में शामिल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अवैध मदिरा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित