बैतूल , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई फोरलेन पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कार सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुलताई के पास जीतू ढाबे के समीप करीब सुबह 3:30 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला पहिया टूटकर अलग हो गया।

पुलिस के अनुसार कार में सवार सभी 11 लोग महाराष्ट्र के नागपुर के समीप बुट्टी बोरी क्षेत्र के कोल माइंस इलाके के रहने वाले थे। वे सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

हादसे में छाया राउत (40), उनके पति दीपक राउत (42) और प्रभा करदाते (48) की मौत हुई है। छाया और दीपक पति-पत्नी थे। प्रभा करदाते के बेटे कुणाल करदाते ने बताया कि उनकी मां ने मन्नत मांगी थी। इसी के चलते वह सीहोर जा रही थीं, जहां पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने के बाद कांवड़ यात्रा में शामिल होने की योजना थी।

हादसे में घायल होने वालों में 10 वर्षीय नैतिक पिता उपेंद्र गांधीवार, 45 वर्षीय उज्ज्वला पति मोहन, 25 वर्षीय नीता पिता अनिल, 18 वर्षीय अनुष्का पिता उपेंद्र, संगीता एकनाथ, शंभु पिता नंदन, प्रज्वल पिता दीपक और 30 वर्षीय चालक सौरभ पिता नंदकिशोर चंदे शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित