बैतूल , मई 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नीतू परमार ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के समर्थन से नगर पालिका अध्यक्ष बनीं नीतू परमार ने वर्ष 2022 के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के टिकट पर पार्षद पद जीता था। अध्यक्ष पद के लिए पार्टी प्रत्याशी घोषित नहीं किए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस का समर्थन लेकर अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था।

सूत्रों के अनुसार जून 2023 में जिला अदालत ने उनका निर्वाचन निरस्त कर दिया था, जिसके बाद वर्षा गढ़ेकर नगर पालिका अध्यक्ष बनी थीं। बाद में उच्च न्यायालय ने निचली अदालत का फैसला निरस्त कर दिया, जिससे नीतू परमार पुनः अध्यक्ष पद पर बहाल हो गईं।

बुधवार को बैतूल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार तथा वर्षा गढ़ेकर की मौजूदगी में नीतू परमार और उनके पति प्रह्लाद सिंह परमार ने भाजपा की सदस्यता ली। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने नीतू परमार की वापसी को संगठन के लिए सकारात्मक बताया।

नीतू परमार ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से भाजपा से जुड़ा रहा है और क्षेत्र के विकास तथा जनसेवा के उद्देश्य से उन्होंने पुनः पार्टी का दामन थामा है। मुलताई नगर पालिका परिषद का कार्यकाल अब लगभग 13 महीने शेष है। ऐसे में नीतू परमार की भाजपा में वापसी को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित