नयी दिल्ली , सितम्बर 08 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़ियाद्ध में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि इस समारोह में वर्ष 2024 के लिए भारतीय सिनेमा में उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें देशभर के फिल्मकार, अभिनेता, तकनीशियन और कलाकार शामिल होंगे। वर्ष 1954 में शुरू हुए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार सिनेमा के क्षेत्र में देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में शामिल हैं। सात दशक से अधिक समय में इन पुरस्कारों के जरिए फीचर फिल्म, गैर-फीचर फिल्म और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में रचनात्मक एवं तकनीकी उत्कृष्टता को सम्मानित किया गया है। ये पुरस्कार भारतीय सिनेमा की भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता को भी दर्शाते हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी पहल के तहत इस वर्ष समारोह केवड़िया में आयोजित किया जा रहा है।
बहत्तरवें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में विभिन्न भाषाओं, शैलियों और सिनेमाई विधाओं की फिल्मों को सम्मानित किया जायेगा। 'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। 'भंगार' को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म और 'राम-नामी' को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री चुना गया है।
'ब्रमायुगम' के लिए ममूटी और 'चंदू चैंपियन' के लिए कार्तिक आर्यन को मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया जायेगा। 'आर्टिकल 370' के लिए यामी गौतम को मुख्य भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिलेगा। 'स्वातंत्र्य वीर सावरकर' के लिए रणदीप हुड्डा को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का पुरस्कार दिया जायेगा।
मराठी, संथाली, तमिल, मलयालम, तेलुगु, कन्नड़, तुलु और गढ़वाली समेत विभिन्न भाषाओं की फिल्मों को भी अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जायेगा। 'कल्कि 2898 एडी', 'अमरन', 'पुष्पा: द रूल पार्ट-02', 'भूल भुलैया 3' और 'स्त्री 2' को भी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार मिलेंगे। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के गैर-फीचर फिल्म वर्ग में पहली बार किसी संथाली फिल्म को सम्मानित किया जायेगा।
सिनेमा पर लेखन की श्रेणी में संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक चुना गया है। सर्वश्रेष्ठ सिनेमा पुस्तक का पुरस्कार डॉ. प्रदीप केंचनूरु की पुस्तक 'नानिरुवुदे निमगागी नादिरुवुदे ननागागी: कन्नड़ सिनेमादा तत्त्व मत्तु राजकीय' को दिया जायेगा। यह पुस्तक मिरर पुस्तक ने प्रकाशित की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित